7:35 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खाया जहर, मौत से परिवार में मचा कोहराम;

बदायूं

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खाया जहर, मौत से परिवार में मचा कोहराम; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

केशव गुप्ता

बदायूँ। जिले के मूसा झाग थाना क्षेत्र के गांव हथिनी मोड़ में घरेलू विवाद के बाद एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान युवक की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव हथिनी मोड़ निवासी युवक का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। बताया जाता है कि कहासुनी के बाद युवक ने आवेश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से हर आंख नम हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि युवक मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था, उसकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
घरेलू कलह बनी जानलेवा
प्रारंभिक जानकारी में घरेलू विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस