बदायूं
घर में अकेली किशोरी का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों के लौटते ही मचा कोहराम
15 वर्षीय मोनी ने संदिग्ध परिस्थितियों में दी जान, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर शुरू की जांच
हजरतपुर (बदायूं)। थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव चंगासी में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके ही घर के बरामदे में फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी नेक्शु की पुत्री मोनी शनिवार को घर पर अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो घर के बरामदे में मोनी का शव साड़ी के फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। बेटी की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

