बदायूं
बारिश में फसल बचाने गया किसान बना सर्पदंश का शिकार, 22 वर्षीय युवक की मौत से गांव में पसरा मातम
केशव गुप्ता
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के फाजिल नगला गांव में एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से 22 वर्षीय किसान की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार फाजिल नगला निवासी सूरज पुत्र अमर सिंह (22 वर्ष) बारिश के दौरान खेत में खड़ी मक्के की फसल को नुकसान से बचाने के लिए खेत पर गया था। इसी दौरान खेत में काम करते समय उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया। शुरुआत में युवक ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजन आनन-फानन में सूरज को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सूरज मेहनती किसान था और खेती-किसानी करके अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से गांव में गहरा दुख और शोक का माहौल है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गांव के लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से हर संभव सहायता दिलाने की मांग की है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

