2:38 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही उजागर……….

बदायूं

एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही उजागर, विभागीय जांच में इंस्पेक्टर और दरोगा पर आरोप सिद्ध

केशव गुप्ता

बदायूं। जिले के बहुचर्चित एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड में विभागीय जांच ने बड़ा खुलासा किया है। जांच रिपोर्ट में तत्कालीन निलंबित इंस्पेक्टर अजय कुमार और दरोगा धर्मेंद्र कुमार पर लापरवाही के आरोप सही पाए गए हैं। रिपोर्ट के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को मुजरिया थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता और सहायक महाप्रबंधक हर्पित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। बाद में मामले के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
विभागीय जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना से पहले एचपीसीएल प्रबंधन एवं अधिकारियों ने आरोपी अजय प्रताप सिंह के संबंध में पुलिस को कई शिकायतें और तहरीरें दी थीं। आरोप है कि तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार और दरोगा धर्मेंद्र कुमार ने इन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।
जांच अधिकारियों ने माना कि यदि शिकायतों को गंभीरता से लेकर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो संभवतः यह दर्दनाक वारदात टाली जा सकती थी। रिपोर्ट में दोनों पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लापरवाहीपूर्ण बताते हुए उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को सिद्ध माना गया है।
अब विभागीय जांच पूरी होने के बाद पुलिस महकमे में दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अगली कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के परीक्षण के बाद शासन स्तर से अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला लिया जा सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस