2:39 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

बदायूं

दातागंज में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

केशव गुप्ता

दातागंज (बदायूं)। नगर दातागंज में गुरुवार को राष्ट्रनायक एवं वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह के साथ प्रतिमा का अनावरण किया।
अपने संबोधन में पंकज सिंह ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रहित और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजना समाज के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान विभिन्न जनहितकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अतिथियों ने आयोजक समिति और दातागंज की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस