उझानी में सड़क ‘खोदो-छोड़ो’ योजना से जनता बेहाल, कांग्रेस का फूटा गुस्सा।
उझानी, बदायूं 3 जून ।
कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण का काम जनता के लिए मुसीबत बन गया है। ठेकेदार ने एक साल पहले सड़क के दोनों ओर खुदाई तो कर दी, लेकिन आज तक गड्ढे भरने की जहमत नहीं उठाई।
सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों में आए दिन ई-रिक्शा पलट रहे हैं। साइकिल सवार और पैदल राहगीर चोटिल हो रहे हैं। लोग इसे PWD की ‘खोदो-छोड़ो’ योजना बता रहे हैं।
इसी के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने आज जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष चन्द्रपाल कश्यप बोले: “एक साल से जनता गड्ढों में गिर रही है, ठेकेदार और PWD सो रहे हैं क्या?”
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष रियासत खां व डॉ अरुण पाराशर ने चेताया कि सावन महीना सिर पर है। इसी सड़क से पूरे एक महीने कांवड़ियों का रेला गुजरेगा। सड़क ठीक नहीं हुई तो हजारों श्रद्धालुओं को दिक्कत होगी और कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

धरने में मांग रखी गई कि PWD विभाग तुरंत ठेकेदार के पेच कसे और युद्धस्तर पर सड़क की मरम्मत कराए। वरना कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। पीडब्ल्यूडी विभाग को भेजे ज्ञापन को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के खाद्य निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी को सोंपा। इस मौके पर प्रशांत शर्मा, मुजाहिद रजा खां, वाजिद अली,मंगल सेन आदि मौजूद रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

