बदायूं
ब्रेकिंग न्यूज़: 9 साल सेवा के बाद सफाई कर्मी को बिना नोटिस निकाला, 3 महीने का वेतन भी रोका; अलापुर नगर पंचायत पर गंभीर आरोप
केशव गुप्ता
बदायूं/अलापुर। नगर पंचायत अलापुर में एक गरीब सफाई कर्मचारी को बिना किसी लिखित नोटिस के नौकरी से हटाए जाने और तीन माह का वेतन रोकने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-3 निवासी गौरव पुत्र गुड्डू पिछले लगभग 9 वर्षों से नगर पंचायत अलापुर में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। पीड़ित का आरोप है कि 10 अक्टूबर 2025 को उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस या कारण बताए अचानक काम पर आने से मना कर दिया गया और मौखिक रूप से नौकरी से हटा दिया गया।
गौरव का कहना है कि नौकरी से हटाने के साथ-साथ उनका अक्टूबर से दिसंबर तक का तीन महीने का वेतन भी रोक लिया गया, जिससे उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
मंगलवार को पीड़ित ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) को लिखित शिकायत सौंपते हुए नौकरी बहाल करने और बकाया वेतन दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और अब न्याय की उम्मीद प्रशासन से ही है।
इस मामले ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित सफाई कर्मचारी को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

