2:38 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज – बालाजी दर्शन से लौटे परिवार के उड़ गए होश, सूने मकान से लाखों की नकदी और जेवरात पार

बदायूं

बालाजी दर्शन से लौटे परिवार के उड़ गए होश, सूने मकान से लाखों की नकदी और जेवरात पार

केशव गुप्ता

दातागंज (बदायूं)। दातागंज नगर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। वार्ड नंबर 13 निवासी विपिन रावत के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात समेट ले गए। घटना का पता उस समय चला जब परिवार राजस्थान से बालाजी दर्शन कर घर वापस लौटा।
जानकारी के अनुसार विपिन रावत 29 मई को अपने परिवार के साथ राजस्थान स्थित बालाजी धाम के दर्शन करने गए थे। बुधवार देर शाम जब वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और कमरों की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर से लगभग 20 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
इस बड़ी चोरी की घटना ने नगरवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस