बदायूं
दातागंज में इतिहास रचेगा 4 जून का दिन: महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का होगा अनावरण, पंकज सिंह करेंगे लोकार्पण
केशव गुप्ता
दातागंज (बदायूं)। नगर दातागंज में 4 जून का दिन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। राष्ट्र गौरव, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण गुरुवार को बरेली रोड स्थित “महाराणा प्रताप चौक” पर किया जाएगा। क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह शामिल होंगे, जो महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। पंकज सिंह देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सुपुत्र हैं और उनकी मौजूदगी कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान करेगी।
भाजपा आईटी विभाग के जिला सह संयोजक देवेश तोमर ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, वीरता और सांस्कृतिक गौरव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक एवं सभापति प्रतिनिहित विधायन समिति उत्तर प्रदेश राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया”, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व राज्य मंत्री एवं सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्षा नैना गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में भाग लेकर महाराणा प्रताप के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन करेंगे। दातागंज नगर इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

