2:38 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

भैंस चोरी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; 5,200 रुपये और तमंचा बरामद

बदायूं

भैंस चोरी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; 5,200 रुपये और तमंचा बरामद

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भैंस चोरी कर बेचने के बाद हिस्से में मिले 5,200 रुपये, एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17/18 मई 2026 की रात ग्राम रैपुरा से भैंस चोरी होने के मामले में थाना हजरतपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
मंगलवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति जमालपुर से गढ़िया शाहपुर रोड की ओर जा रहे हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस का कहना है कि पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी जितेंद्र सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग से आरोपी पप्पू उर्फ पापू उर्फ साजन पुत्र सिकंदर उर्फ पटवारी निवासी नदरई, थाना कासगंज के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि 17/18 मई की रात रैपुरा गांव में हुई भैंस चोरी की घटना में भी वह शामिल था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ अमरोहा, अलीगढ़ और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
हजरतपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस