2:39 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिनावर पुलिस की मुठभेड़ में भैंस लूट और चोरी गिरोह का बदमाश दबोचा, दोनों पैरों में लगी गोली, भैंस व अवैध तमंचा बरामद

बदायूं

बिनावर पुलिस की मुठभेड़ में भैंस लूट और चोरी गिरोह का बदमाश दबोचा, दोनों पैरों में लगी गोली, भैंस व अवैध तमंचा बरामद

केशव गुप्ता

बदायूँ। थाना बिनावर पुलिस ने भैंस लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक भैंस, अवैध तमंचा, कारतूस और आठ हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 17/18 मई की रात ग्राम दियोरीजीत में घर के बाहर बंधी दो भैंसों की लूट तथा ग्राम तकीपुर में भैंस चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना बिनावर में मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
सोमवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल बदमाश एक भैंस लेकर बिनावर से बरेली-मथुरा निर्माणाधीन बाईपास की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भैंस छोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर वह फिसलकर गिर गया।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल अंकुर कुमार गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी मो. जावेद पुत्र मो. शकील निवासी नदरई, थाना कासगंज (हाल निवासी नाहरका सराय, कोतवाली शहर बदायूँ) के दोनों पैरों में गोली लग गई।
घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक भैंस, 8 हजार रुपये नकद, एक 315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सफल अनावरण में थाना प्रभारी अरिहंत कुमार सिद्धार्थ, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, कांस्टेबल जतिन कुमार, शुभम कुमार और अंकुर कुमार की प्रमुख भूमिका रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस