2:39 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

20 मई से अंधेरे में डूबा दुधारी नगला, बिजली संकट से नाराज़ ग्रामीणों ने बिजलीघर पर किया प्रदर्शन

बदायूं

20 मई से अंधेरे में डूबा दुधारी नगला, बिजली संकट से नाराज़ ग्रामीणों ने बिजलीघर पर किया प्रदर्शन

केशव गुप्ता

उसेहत। क्षेत्र के दुधारी नगला गांव में कई दिनों से
खराब विद्युत आपूर्ति और जले ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगातार बिजली कटौती हो रही है और विद्युत लाइन के तार भी वर्षों से जर्जर हालत में हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार विभागीय कर्मचारियों और लाइनमैन को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ट्रांसफार्मर 20 मई से खराब पड़ा है, जिसे अब तक न तो बदला गया है और न ही उसकी मरम्मत कराई गई है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने और अधिक लोड के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। इसके चलते भीषण गर्मी में ग्रामीणों का जीवन बेहद कठिन हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो उच्च अधिकारियों से शिकायत कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में लगभग 60 से 70 बिजली कनेक्शन हैं और सभी उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं, फिर भी उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शन के दौरान “हमारे गांव को बिजली दो” के नारे भी लगाए गए।
इस मौके पर पूर्व ग्राम प्रधान शोभित सिंह सहित कालीचरण, रामबहादुर, धर्मपाल, संजीव, राजवीर, भगवान सिंह, भूदेव, सतीश, ओमपाल, लड़ेटे, वीरेश, पंचू, विनेश, प्रमोद, अमर सिंह, यादराम, भजनलाल, नवल किशोर, जगदीश, विकास, सोरस, राम रहीश, राहुल, अजीत, नंदराम, गंगाचरण और हरिओम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस