बदायूं
*भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का प्रदर्शन तेज, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन*
केशव गुप्ता
दातागंज। क्षेत्र के डहरपुर कला गांव के पास यूपीडा द्वारा प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। डहरपुर कला सहित आसपास के पांच गांवों के ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम दातागंज को सौंपकर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पर पुनर्विचार की मांग की।
जानकारी के अनुसार, यूपीडा द्वारा डहरपुर कला क्षेत्र में लगभग 300 हेक्टेयर भूमि को अधिग्रहण के लिए चिन्हित किया गया है। इस प्रस्ताव के विरोध में डहरपुर कला समेत पांच गांवों के किसान और ग्रामीण एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनकी कृषि भूमि ही आजीविका का मुख्य साधन है और भूमि अधिग्रहण से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
धरना स्थल पर किसानों ने प्रशासन के माध्यम से शासन तक अपनी बात पहुंचाने की मांग की। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों की मांगों को सुनते हुए ज्ञापन प्राप्त किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर गूंजा किसानों का एक ही नारा— “खेती बचाओ, गांव बचाओ”।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

