उझानी- देशसेवा की मिसाल: वेदांत वार्ष्णेय बने अग्निवीर, क्लर्क पद पर हुआ चयन।
उझानी-बदांयू 31 मई।
मां भारती की सेवा का जज्बा लिए उझानी के होनहार वेदांत वार्ष्णेय ने भारतीय सेना की अग्निपथ योजना में परचम लहराया है। मोहल्ला साहूकारा निवासी हेमंत वार्ष्णेय के पुत्र वेदांत का चयन ‘कोर अग्निवीर’ में क्लर्क पद पर हुआ है। चयन की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे मोहल्ले में जश्न का माहौल है।
पिता ने लड्डू बांटकर जताई खुशी
गौरवान्वित पिता हेमंत वार्ष्णेय की आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने कहा, “बेटे ने हमारा ही नहीं, पूरे समाज का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। देशसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं।” बेटे की इस उपलब्धि पर उन्होंने मोहल्लेवासियों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों को लड्डू बांटकर मुंह मीठा कराया। माता-पिता ने बताया कि वेदांत बचपन से ही अनुशासित रहा और सेना में जाने का उसका सपना था, जो आज पूरा हुआ।
समाज ने दी बधाई, होगा भव्य सम्मान
वेदांत की इस कामयाबी पर वार्ष्णेय सभा और बारहसेनी सभा ने हर्ष जताया है। वार्ष्णेय सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि वेदांत ने समाज के युवाओं के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। सभा द्वारा शीघ्र ही सम्मान समारोह आयोजित कर वेदांत को सम्मानित किया जाएगा। बारहसेनी सभा ने भी वेदांत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे सजातीय समाज के लिए गौरव का क्षण बताया।
नगर के गणमान्य लोगों और रिश्तेदारों का वेदांत को बधाई देने के लिए घर पर तांता लगा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वेदांत की सफलता उझानी के अन्य युवाओं को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
राजेश वार्ष्णेय एमके।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

