उझानी- गड्ढों में तब्दील सड़क पर काँग्रेस का फूटा गुस्सा, भूखे पेट धरने पर बैठे कार्यकर्ता।
DM को भेजा अल्टीमेटम ‘पाँच साल से जनता गड्ढे नाप रही, प्रशासन सो रहा’ – रियासत खाँ;।
सफाई निरीक्षक को ज्ञापन सौंप जताया आक्रोश।
उझानी, बदायूँ। 30 मई।
उझानी की बदहाल सड़कों ने आज काँग्रेसियों का पारा चढ़ा दिया। नगर काँग्रेस कमेटी ने ‘टूटी-पड़ी’ सड़क के मुद्दे पर एक दिवसीय उपवास रखकर जमकर धरना-प्रदर्शन किया और डीएम बदायूँ के नाम का ज्ञापन नगर पालिका के सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी को थमा दिया।
नगर अध्यक्ष रियासत खाँ की अगुवाई में काँग्रेसी सुबह से ही धरने पर डट गए। ज्ञापन में प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा गया कि मोहल्ला अहीर टौला में पुलिस नाका से होली चौक होकर बाइपास तक जाने वाली सड़क पिछले पाँच साल से मौत का कुआँ बनी हुई है। पूरी सड़क नहीं, सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे बचे हैं।
‘जनता त्रस्त, अफसर मस्त’:
ज्ञापन में आरोप लगाया कि सड़क की हालत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आए दिन वाहन पलटने से लोग चोटिल हो रहे हैं, छोटी बात पर लड़ाई-झगड़े आम हैं। बरसात में तो हालात नारकीय हो जाते हैं, पूरा रास्ता तालाब बन जाता है। स्कूली बच्चों का गिरना और मरीजों का तड़पना रोज की बात हो गई है। मजबूरी में 1 किमी का चक्कर काटना पड़ता है।
सीधी चेतावनी

नगर काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रियासत खां ने दो टूक कहा कि अगर तुरंत सड़क का नया निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा। ‘पाँच साल से जनता गड्ढे नाप रही है और प्रशासन कुंभकरणी नींद सो रहा है।

धरने में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, डा. अरुण पाराशर, जावेद, प्रशांत शर्मा, मुजाहिद रजा खाँ, मुन्ना लाल सागर, असगर अली, चंद्रपाल कश्यप, ताहिर, बीरेंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे और जमकर नारेबाजी की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

