उझानी में टैम्पो पलटने से चार घायल, एक की हालत गंभीर।
उझानी, बदायूं 29 मई ।
शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बरेली-मथुरा हाइवे पर बुटला वोर्ड गांव के पास एक टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैम्पो सवार चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, थाना उझानी क्षेत्र के जनुईया गांव निवासी 40 वर्षीय प्रमोद पुत्र रमेश शर्मा, 60 वर्षीय गुड्डो देवी पत्नी जगदीश, 55 वर्षीय कलावती पत्नी रामौतार और 35 वर्षीय प्रीति पत्नी रामौतार शर्मा टैम्पो बुक कर बिसौली थाना क्षेत्र के नसरौल गांव अपनी बीमार बहन को देखने जा रहे थे।

बुटला वोर्ड के पास अचानक टैम्पो का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गया। टैम्पो पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसा देख राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर उझानी पुलिस और 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने प्रीति की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं गुड्डो देवी, कलावती और प्रमोद का सीएचसी में ही इलाज किया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैम्पो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

