बदायूं
करोड़ों की लागत से बना बारातघर बना ‘भूसा घर’, सुविधाघरों में कंडों का अंबार
बदायूं: जनपद के थाना बिनावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत नाई गांव में सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलती एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए बारातघर और सुविधाघर आज बदहाली और कब्जे का शिकार बने हुए हैं। जिन भवनों का निर्माण ग्रामीणों की सुविधा और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए किया गया था, वहां अब गोबर के कंडे, भूसा और ताले नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी बारातघर और सुविधाघरों पर कब्जा जमा रखा है। हालात इतने खराब हैं कि बारातघर के अंदर गोबर के कंडों का ढेर लगा हुआ है, जबकि कई कमरों में भूसा भरा पड़ा है। सुविधाघरों पर ताले लटके हुए हैं और उनका उपयोग आम जनता के बजाय निजी गोदाम की तरह किया जा रहा है।
पास ही बैठी एक बालिका ने बताया कि इन कमरों में कभी भूसा रखा जाता है तो कभी गोबर के कंडे भर दिए जाते हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि भवनों की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन मरम्मत और देखरेख की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। करोड़ों की सरकारी संपत्ति धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील होती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि सरकारी भवनों पर खुलेआम कब्जा होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। दबंगों को न प्रशासन का डर है और न कार्रवाई का भय।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पंचायत विभाग से मामले की जांच कर सरकारी भवनों को कब्जामुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

