बदायूं
ईदl-उल-अजहा को लेकर बदायूं प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने सहसवान में किया फ्लैग मार्च
बदायूं। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना सहसवान क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम और एसएसपी ने नगर के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का संदेश दिया।
इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईद पर्व को देखते हुए शहर में लगातार फुट पेट्रोलिंग की जाए और हर संवेदनशील क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए।
रात्रि के समय लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस मोबाइल और गश्ती दलों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य आगामी त्योहार को हर्षोल्लास, सौहार्द और शांति के वातावरण में सम्पन्न कराना है।
फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सहसवान रिपुदमन सिंह, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एवं अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
केशव गुप्ता





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

