12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

रंगों-तरंगों के संग थमा समर कैंप का उल्लास, पूल पार्टी से हुआ मधुर समापन

रंगों-तरंगों के संग थमा समर कैंप का उल्लास, पूल पार्टी से हुआ मधुर समापन।

उझानी-बदांयू 26 मई।

नगर के किड्स प्लैनेट प्ले स्कूल पंजाबी कॉलोनी शिक्षण संस्थान में ग्रीष्मकालीन शिविर का अवसान उल्लास, उमंग और रचनात्मकता की रसधारा में डूबकर हुआ। समापन दिवस पर आयोजित जल-क्रीड़ा समारोह ने नन्हें नौनिहालों संग अभिभावकों के हृदय को भी आनंद-सरोवर में सराबोर कर दिया।

सम्पूर्ण परिसर पुष्पों की रंगोली से सुसज्जित होकर किसी इन्द्रधनुषी उपवन सा दैदीप्यमान हो उठा था। पुष्पों की सुगंध और बाल-हास की कल-कल ध्वनि से वातावरण में उत्सव का माधुर्य घुल गया।

ज्ञात हो कि ग्रीष्मावकाश में आयोजित इस शिविर में बच्चों ने नृत्य की थिरकन, संगीत की स्वर-लहरी, चित्रकला की तूलिका, खेल-कूद की चुस्ती और योग की शांति को आत्मसात किया। विविध सृजनात्मक गतिविधियों ने बाल-प्रतिभा को नवीन पंख दिए और उनके व्यक्तित्व को बहुआयामी बनाया।


समापन बेला में आयोजित पूल पार्टी ने माहौल को मस्ती और स्मृतियों के अबीर-गुलाल से रंग दिया। जल की शीतल फुहारों संग बच्चों की किलकारियां गूंज उठीं। नन्हें चेहरों पर दमकती रौनक और आंखों की चमक स्वयं कह रही थी कि यह दिवस उनके बाल-मानस पर अमिट छाप छोड़ गया है।

संचालिका बंदना बब्बर ने कहा शिविर न केवल अवकाश का सदुपयोग सिद्ध हुआ, अपितु बच्चों के लिए आनंद, आत्मविश्वास और अनमोल स्मृतियों की ऐसी पोटली बन गया जिसे वे वर्षों तक सहेजकर रखेंगे।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस