1:33 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

कछला में मंगलवार सुबह मची चीख-पुकार: गंगा नहाने निकला परिवार, कंटेनर ने मारी टक्कर

कछला में मंगलवार सुबह मची चीख-पुकार: गंगा नहाने निकला परिवार, कंटेनर ने मारी टक्कर।

उझानी-बदांयू 26 मई।

बदायूं के उझानी से मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक परिवार गंगा मैया का आशीर्वाद लेने कछला घाट निकला था, पर किसे पता था कि रास्ते में काल बनकर कंटेनर खड़ा है।

जानकारी के अनुसार उझानी के गंज शहीदा, पंखा रोड का साहू परिवार – 52 साल की ओमवती, बेटा 30 साल का सचिन साहू, 22 साल की बेटी सुधा, बहू 26 साल की काजल और तीन नन्हे-मुन्ने बच्चे – 5 साल का क्रिश, 7 साल की परी और 3 साल की अवनी, सब ई-रिक्शा बुक कर कछला गंगा घाट नहाने जा रहे थे। रिक्शा चला रहा था बुर्रा फरीदपुर का 35 साल का संजू।

पर बरेली-मथुरा हाइवे पर इटऊआ गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कंटेनर ने ई-रिक्शा को उड़ा दिया। धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़े। ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे 8 लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

एम्बुलेंस तुरंत पहुंची और सभी को उझानी CHC ले गई। वहां डॉक्टरों ने ओमवती, सचिन, काजल और ड्राइवर संजू की हालत नाजुक देख फौरन राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज उझानी में ही चल रहा है।

कछला चौकी पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए कंटेनर और उसके ड्राइवर को मौके पर ही धर दबोचा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि गलती किसकी थी – कंटेनर वाले की रफ्तार या ई-रिक्शा वाले की लापरवाही।

विज्ञापन एक्सप्रेस