3:19 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

गंगा एक्सप्रेसवे के दातागंज टोल प्लाजा पर किसान यूनियन की महापंचायत, पांच घंटे ठप रहा टोल संचालन

बदायूं

गंगा एक्सप्रेसवे के दातागंज टोल प्लाजा पर किसान यूनियन की महापंचायत, पांच घंटे ठप रहा टोल संचालन

बदायूं। जनपद के दातागंज स्थित 207 गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर सोमवार को किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए महापंचायत आयोजित की। किसान नेताओं और टोल कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे करीब पांच घंटे तक टोल संचालन पूरी तरह प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हरिभान सिंह वर्मा अपनी गाड़ी से टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। इसी दौरान टोल कर्मचारियों द्वारा उनकी गाड़ी को रोक लिया गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान यूनियन कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और टोल प्लाजा पर धरना देकर महापंचायत शुरू कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। चार थानों की पुलिस फोर्स, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। किसान नेताओं ने टोल कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए लगातार वार्ता की।
कई घंटे तक चले हंगामे और पंचायत के कारण टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। आखिरकार प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। शाम करीब चार बजे किसान यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद टोल संचालन दोबारा सामान्य हो सका।
घटना के दौरान टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहा।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस