1:18 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

होली चौक पर गरजा हिंदू संगठनों का हुंकार, अवैध कब्जे के खिलाफ उसावां में उबाल

होली चौक पर गरजा हिंदू संगठनों का हुंकार, अवैध कब्जे के खिलाफ उसावां में उबाल

उसावां। कस्बे के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले होली चौक पर कथित अवैध कब्जे को लेकर मंगलवार को उसावां में माहौल गरमा गया। राष्ट्रीय बजरंग दल एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया गया तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन की शुरुआत हनुमानगढ़ी राष्ट्रीय राजमार्ग से हुई, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए। हाथों में भगवा झंडे और धार्मिक नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार होते हुए विशाल रैली निकाली। पूरे कस्बे में “होली चौक बचाओ” और “भू-माफियाओं पर कार्रवाई करो” के नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कस्बे के ऐतिहासिक होली चौक, जहां वर्षों से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं, वहां भू-माफियाओं द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भूमि कब्जे का मामला नहीं बल्कि हिंदू आस्था और परंपराओं से जुड़ा मुद्दा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा जिले स्तर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
बाद में संगठन की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर होली चौक को तत्काल कब्जामुक्त कराने, अवैध निर्माण रुकवाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पप्पू कश्यप, अतुल बजरंगी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, मंजेश यादव, शुभम गौड़, प्रत्यक्ष कुमार, संजीव, पवन गुप्ता, रत्नेश गुप्ता, सोनू मिश्रा, पंकज गुप्ता, ओम प्रताप, संतोष गुप्ता, मंजेश बजरंगी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस