1:36 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में भी मकान गणना बनी सिरदर्द, प्रगणकों के छूट रहे पसीने

उझानी में भी मकान गणना बनी सिरदर्द, प्रगणकों के छूट रहे पसीने।

उझानी-बदांयू 25 मई।

भीषण गर्मी के बीच उझानी क्षेत्र में चल रही मकान गणना में प्रगणकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 22 मई से शुरू हुई गणना में लोगों के सवाल और असहयोग से टीमें परेशान हैं।

ग्राउंड पर क्या हाल है-

उझानी नगर और देहात में तैनात प्रगणकों ने बताया कि सुबह 7 बजे से घर-घर दस्तक दे रहे हैं, लेकिन एक दिन में 25-28 घर ही कवर हो पा रहे हैं। दोपहर में ज्यादातर घरों के दरवाजे बंद मिलते हैं।

उन्होंने बताया कि जब लोगों से परिवार की जानकारी करो तो लोगों के यह सवाल पहले होते हैं –

“ये सब पूछकर सरकार हमें क्या देगी?”
“पहले गली में नाली बनवाओ, फिर जानकारी देंगे”
“मकान कच्चा है या पक्का बताने से हाउस टैक्स तो नहीं बढ़ेगा?”
“OTP क्यों मांग रहे हो, कहीं फ्रॉड तो नहीं?”
——-
उसमें मभी तकनीकी रोड़े-

गांवों में नेटवर्क की समस्या से ऐप पर डेटा अपलोड नहीं हो पा रहा। कई जगह GPS गलत लोकेशन दिखा रहा है, जिससे एक ही मकान को खोजने में 20-25 मिनट लग रहे हैं। कुछ परिवार जानकारी देने के बजाय कह देते हैं “प्रधान से पूछ लो”।
——–
अधिकारी बोले-

तहसील स्तर के नोडल अधिकारी ने कहा कि लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। यह गणना सिर्फ आंकड़ों के लिए है, इसका टैक्स या किसी योजना से सीधा संबंध नहीं है।

फिलहाल उझानी में 18 टीमें लगी हैं। जागरूक लोगों के सहयोग से काम आगे बढ़ रहा है, लेकिन गर्मी और सवालों की दोहरी मार प्रगणकों पर भारी पड़ रही है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस