बिल्सी -दहेज के लिए विवाहिता पर अत्याचार, गर्म पानी डालकर जलाया, तीन तलाक देकर घर से निकाला।
बदायूँ 24 मई।
थाना बिल्सी क्षेत्र के ग्राम परौली में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के 8 महीने बाद ही ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता फ़िज़ा पत्नी हसरत हुसैन ने पति समेत 7 ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
FIR के अनुसार, 25 जून 2025 को फ़िज़ा का निकाह हसरत हुसैन से हुआ था। माता पिता ने हैसियत के अनुसार 3 लाख रुपये नकद, घरेलू सामान और जेवर देकर विदा किया था। आरोप है कि शादी के बाद पति हसरत, देवर इशरत, फितन, जाहिद, रफत, सास भूरी बेगम और रजा हुसैन ने बुलेट या कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर मारपीट, खाना न देना और गालियां देना रोज का काम हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि ससुरालियों ने लाइसेंसी बंदूक उसकी कनपटी पर रखकर धमकाया कि अगर मायके से गाड़ी नहीं लाई तो गोली मार देंगे। एक बार जान से मारने की नीयत से उस पर खौलता हुआ पानी डाल दिया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। इलाज के बाद जब वह ससुराल लौटी तो आरोपियों ने उसे पहने कपड़ों में ही “तलाक-तलाक” बोलकर घर से निकाल दिया।
पीड़िता जब माँ के साथ वापस गई तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया और धमकी दी गई कि दोबारा आई तो माँ बेटी दोनों को गोली मार देंगे। इसके बाद पति ने फोन बंद कर लिया और अवैध तरीके से तलाक का नोटिस भेज दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बिल्सी में धारा 173(4) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी SI रचना देशवाल को बनाया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

