12:43 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान- आठ माह की गर्भवती महिला पर घर में घुसकर हमला

जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: आठ माह की गर्भवती महिला पर घर में घुसकर हमला,

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब आठ माह की गर्भवती महिला पर कथित तौर पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, वहीं पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि इसी लापरवाही का परिणाम अगले ही दिन देखने को मिला, जब कुछ लोग कथित तौर पर घर में घुस आए और गर्भवती महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला की नाक पर गंभीर चोट आई और उसके साथ अभद्रता तथा छेड़छाड़ किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
घटना के बाद घायल महिला को तत्काल सहसवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार जारी है।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस पहले ही शिकायत पर सख्त कार्रवाई करती, तो इतनी गंभीर वारदात को रोका जा सकता था। मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है।
एसपी देहात डॉ. नरेश कटारिया ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और महिला उत्पीड़न से जुड़े हर पहलू पर गंभीरता से कार्रवाई होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, यह मामला जिले में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस