1:22 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव- कैली मोड़ पर मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, दो गंभीर

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । थाना क्षेत्र के कैली मोड़ पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान गांव कैली निवासी शशिकांत पुत्र शंकर और अवधेश पुत्र मुंशीलाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद भीषण थी, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शशिकांत की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया था, लेकिन परिजन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बदायूं के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहे हैं।

वहीं अवधेश को बेहतर उपचार के लिए बरेली के रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कैली मोड़ पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

विज्ञापन एक्सप्रेस