2:33 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

हजरतपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

बदायूं

हजरतपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

बदायूं। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना हजरतपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों तथा संभ्रांत लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी तथा अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कुर्बानी को लेकर शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित है। खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की गई। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीस कमेटी की बैठक के बाद थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मंथन किया गया, ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस