– किंग्स इलेवन ने परौली हंटर को चार विकेट से किया पराजित
– बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शिवम को मैन ऑफ द मैच चुना गया
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में आयोजित बीजीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए परौली हंटर को चार विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
मैच में किंग्स इलेवन के कप्तान राजीव पुरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए परौली हंटर की टीम निर्धारित 12 ओवर में 69 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रवित ने 15 रन, अजीम जादू ने 7 रन और फैजान ने 11 रन बनाए, जबकि राहुल मिश्रा बिना खाता खोले आउट हो गए।
किंग्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए टिंकू ने एक विकेट हासिल किया। वहीं शिवम और कप्तान राजीव पुरी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
70 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन की टीम ने 10 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से शिवम ने शानदार 25 रन बनाए। इसके अलावा कौशिक पुरी ने 12 रन, उज्जवल ने 9 रन और मनीष गुप्ता ने 3 रन का योगदान दिया।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शिवम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पूर्व पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी ममता शाक्य ने टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा निखरती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे अच्छा माध्यम हैं। इस दौरान शुभम पुरी, सुमित गुप्ता, गोपाल पुरी, राधाकृष्ण गुप्ता, पंकज गुप्ता, आयुष गुप्ता, प्रेमपाल शाक्य, विकास, कन्हैया कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

