12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में तेज रफ्तार का कहर: कार ने अचार के ठेले को उड़ाया, बेटा जिंदगी-मौत से जूझ रहा, पिता बाल-बाल बचा

उझानी में तेज रफ्तार का कहर: कार ने अचार के ठेले को उड़ाया, बेटा जिंदगी-मौत से जूझ रहा, पिता बाल-बाल बचा।

उझानी बदांयू 21 मई।

कछला रोड पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार का कहर बरपा। अचार बेचकर घर लौट रहे पिता-बेटे को कार ने ऐसी टक्कर मारी कि ठेला चकनाचूर हो गया और सड़क अचार से लाल-पीली हो गई। हादसे में 17 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के उरैना गांव निवासी 40 वर्षीय महीपाल उझानी के छतुईया गांव में किराए पर रहकर ठेले पर अचार बेचता है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने 17 वर्षीय बेटे अंशूपाल के साथ अचार बेचकर छतुईया लौट रहा था।

कछला रोड पर कृषि विज्ञान अनुसंधान केंद्र के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशूपाल उछलकर सड़क पर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। वहीं पिता महीपाल बाल-बाल बच गया। ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दिनभर की कमाई अचार के रूप में सड़क पर बिखरकर बर्बाद हो गई।

हादसे के बाद भागने की फिराक में लगे कार चालक को गुस्साए राहगीरों ने मौके पर ही दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 और थाना पुलिस कार समेत चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

घायल अंशूपाल को आनन-फानन उझानी सीएचसी लाया गया। यहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बेटे की हालत देख पिता महीपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस