12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी सीएचसी की इमरजेंसी में ‘नागराज’ की एंट्री, मचा हड़कंप

उझानी सीएचसी की इमरजेंसी में ‘नागराज’ की एंट्री, मचा हड़कंप।

डॉक्टर-स्टाफ के फूले हाथ-पांव।

उझानी बदांयू 21 मई।

जहां मरीज जिंदगी-मौत से जूझते हैं, वहां गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ‘नागराज’ ने एंट्री मार दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की इमरजेंसी में अचानक सांप निकलते ही अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर से लेकर वार्डबॉय तक, जिसको जहां जगह मिली, सिर पर पैर रखकर भागा।

इमरजेंसी कक्ष में लेटा मरीज जैसे ही बेड के पास सरसराहट सुनकर पलटा, सामने फन फैलाए ‘मेहमान’ को देखकर चीख पड़े। बस फिर क्या था, तीमारदार, मरीज और स्टाफ सब जान बचाकर इमरजेंसी के बाहर। कुछ मिनट में पूरा कक्ष खाली। जिस इमरजेंसी में इंजेक्शन लगते हैं, वहां लोगों के ‘डर के मारे’ पसीने छूट गए।

शोर सुनकर अस्पताल का बाकी स्टाफ भी लाठी-डंडे लेकर दौड़ा। सबने मिलकर इमरजेंसी का कोना-कोना छान मारा, लेकिन तब तक नाग देवता ‘नौ दो ग्यारह’ हो चुके थे। बताया जा रहा है कि इमरजेंसी के चारों तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियां और घास उगी हैं, जो इन ‘जहरीले मेहमानों’ का अड्डा बनी हुई हैं।

दहशत से उबरे मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन को घेर लिया। उनका कहना था, “बरसात में सांप-बिच्छू निकलना आम है। सीएचसी में झाड़ियों का जंगल खड़ा है। आज तो गनीमत रही, कोई हादसा नहीं हुआ। कल को किसी मरीज को डस लिया तो कौन जिम्मेदार होगा?” लोगों ने तुरंत पूरे परिसर की साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई की मांग की।

इस बाबत एमओआईसी देवेंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा, “जानकारी मिली है। इमरजेंसी के आसपास वाकई झाड़ियां उग आई हैं। तुरंत साफ-सफाई का काम शुरू कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।”


राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस