बिजली कैंप में हंगामा, लाइनमैन की बिगड़ी तबीयत, क्लीनिक में कराया भर्ती
एसडीओ और लाइनमैन में कहासुनी के बाद मचा विवाद,
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदायूं । विद्युत उपकेंद्र परिसर में बुधवार को आयोजित विशेष समाधान कैंप के दौरान विभागीय कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। कैंप के बीच हुई कहासुनी के बाद एक लाइनमैन की तबीयत बिगड़ गई, जिसे कर्मचारियों ने तत्काल नगर के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। घटना के बाद बिजली विभाग में चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए विद्युत उपकेंद्र पर विशेष कैंप लगाया गया था। कैंप में लाइनमैन जापान सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान एसडीओ विकास कुमार ने फीडर संबंधी कार्य देखने के निर्देश दिए। लाइनमैन जापान सिंह ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
लाइनमैन का आरोप है कि उन्होंने पहले ही जेई को अस्वस्थ होने की जानकारी दे दी थी, इसके बावजूद उन पर काम का दबाव बनाया गया। विवाद बढ़ने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां उपचार जारी है।
वहीं एसडीओ विकास कुमार ने अभद्रता के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि उन्होंने केवल स्वास्थ्य खराब होने पर कर्मचारी को घर जाकर आराम करने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि कैंप में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

