साइड लगने पर टेंपो और बाइक चालक में मारपीट, दो घायल
बिल्सी। नगर के देववाणी चौराहे के निकट मंगलवार की शाम टेंपो और बाइक के बीच साइड लगने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों वाहन चालकों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्र के गांव सतेती निवासी बाइक चालक अनुराग सिंह ने बताया कि वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उझानी की ओर से आ रहे एक टेंपो की साइड उनकी बाइक से लग गई। इसे लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट में बाइक चालक अनुराग और टेंपो चालक राजपाल घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी राहगीर ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। कस्बा इंचार्ज रविंद्र सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

