4:04 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

आंधी के आठ दिन बाद भी जमीन पर पड़ा 25 केवीए ट्रांसफार्मर, यूसुफ नगर समेत कई गांव अंधेरे में

जेई पर लापरवाही के आरोप, पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं भेजा गया स्टीमेट

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदायूं । बिजली विभाग की लापरवाही से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। गांव यूसुफ नगर में किसान सुभाष चौहान के टूबैल पर लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले आठ दिनों से जमीन पर पड़ा हुआ है। तेज आंधी में बिजली पोल टूटने से ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया था, जिसकी सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन अब तक न तो नया पोल लगाया गया और न ही ट्रांसफार्मर को दोबारा चालू कराया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय जेई द्वारा अभी तक स्टीमेट तक नहीं भेजा गया है। परेशान किसानों ने मामले की शिकायत बिजली विभाग के पोर्टल पर भी दर्ज कराई, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ट्रांसफार्मर बंद होने से यूसुफ नगर समेत आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित है। गांवों में अब तक नियमित बिजली नहीं पहुंच सकी है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। वहीं किसानों की सैकड़ों बीघा मक्का और शिवालिक की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने लगी है।

किसानों का कहना है कि बिजली न मिलने से टूबैल बंद पड़े हैं और फसलें बर्बादी की कगार पर पहुंच गई हैं। यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन मौके पर कोई काम नहीं कराया जा रहा। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पोल लगवाकर ट्रांसफार्मर चालू कराने और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस