कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव (बदायूं)। हसनपुर गांव में श्मशान भूमि को लेकर चल रहा विवाद अब समाधान की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। गांव के लोगों ने आपसी सहयोग और एकजुटता दिखाते हुए यहां खुद व्यवस्थित अन्त्येष्टि स्थल बनाने का फैसला लिया है।
बताया जा रहा है कि गांव की श्मशान भूमि पर लंबे समय से कूड़ा और गोबर डाले जाने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। ग्रामीणों का कहना था कि यह भूमि वर्षों से अंतिम संस्कार के लिए इस्तेमाल होती आ रही है, लेकिन गंदगी और अव्यवस्था के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद हल्का लेखपाल ब्रजेश यादव मौके पर पहुंचे और भूमि की पैमाइश कर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी समस्या विस्तार से बताई।
निरीक्षण के बाद गांव के लोगों ने आपसी सहमति से निर्णय लिया कि वे स्वयं श्रमदान और सहयोग से श्मशान भूमि को साफ कर यहां एक सम्मानजनक और व्यवस्थित अन्त्येष्टि स्थल तैयार करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे भविष्य में अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और स्थल की पवित्रता भी बनी रहेगी।
मौके पर ज्ञानेंद्र सिंह, रामरतन, अमरजीत मौर्य, गौतम मौर्य, चंद्रपाल मौर्य, जय गोविंद सिंह, शिवम सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

