10:20 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बोर्ड मीटिंग बनी बवाल! अलापुर नगर पंचायत में सभासदों का हंगामा

बोर्ड मीटिंग बनी बवाल! अलापुर नगर पंचायत में सभासदों का हंगामा, चेयरमैन पति पर लगाए गंभीर आरोप

बदायूं/अलापुर। नगर पंचायत अलापुर में विकास कार्यों को लेकर लंबे समय से चल रही नाराजगी मंगलवार को खुलकर सामने आ गई। नगर पंचायत कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब बोर्ड बैठक न होने से नाराज सभासदों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और चेयरमैन मुर्दाबाद के नारे लगाए। सभासदों ने अध्यक्षा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नगर पंचायत में अनियमितताओं और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए।
सभासदों का कहना है कि नगर में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था समेत तमाम विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और गबन जैसे आरोप सामने आने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
18 अप्रैल की बोर्ड बैठक बनी विवाद की जड़
सभासदों ने बताया कि 18 अप्रैल को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट एवं विकास कार्यों पर चर्चा के लिए बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। सभी सभासद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और विकास प्रस्ताव लेकर बैठक में पहुंचे थे, लेकिन अध्यक्षा के बैठक में उपस्थित न होने के कारण बैठक शुरू ही नहीं हो सकी।
सभासदों का आरोप है कि प्रस्ताव रजिस्टर में पहले से ही प्रस्ताव दर्ज कर दिए गए थे और जब मौजूद बाबू से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने केवल हस्ताक्षर कर वापस जाने की बात कही। इसी बात से नाराज सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार्यालय में जमकर हंगामा किया।
आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर सरकारी दस्तावेज संभालने का आरोप
विवाद उस समय और बढ़ गया जब सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के सरकारी रजिस्टर और महत्वपूर्ण दस्तावेज एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी साजिद को सौंप दिए गए हैं। सभासदों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों का कार्य केवल अधिकृत कर्मचारियों द्वारा ही किया जा सकता है, लेकिन यहां चेयरमैन पति की मिलीभगत से नियमों की अनदेखी की जा रही है।
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के अधिकांश कार्य साजिद नाम का व्यक्ति देख रहा है, जबकि स्थायी कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध बनी हुई है। इस पूरे मामले को लेकर सभासदों ने अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की।
दोबारा बोर्ड बैठक बुलाने की मांग
सभासदों ने मांग की है कि अध्यक्षा की मौजूदगी में जल्द से जल्द पुनः बोर्ड बैठक आयोजित कराई जाए, ताकि नगर के रुके हुए विकास कार्यों पर निर्णय लिया जा सके और जनता को राहत मिल सके। वहीं नगर पंचायत कार्यालय में हुए हंगामे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस