10:21 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

कादरचौक – झोलाछाप के इंजेक्शन से अधेड़ की मौत, शादी वाले घर में मातम

झोलाछाप के इंजेक्शन से अधेड़ की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।

कादरचौक बदायूं, 16 मई 2026 ।

कादरचौक थाना क्षेत्र के भकोड़ा गांव में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बुखार का इलाज कराने गए 48 वर्षीय पुरुषोत्तम की इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ गई और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश है और परिजन आरोपी झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला

भकोड़ा गांव निवासी पुरुषोत्तम पुत्र मेघसहाय को शुक्रवार सुबह बुखार आया था। इलाज के लिए वह गांव में ही बैठने वाले झोलाछाप के पास गए। आरोप है कि झोलाछाप ने बिना जांच के पुरुषोत्तम को एक इंजेक्शन लगा दिया, जिसके तुरंत बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।

परिजनों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर झोलाछाप ने कहा कि “रिएक्शन हो गया है” और दूसरा इंजेक्शन भी लगा दिया। दूसरे इंजेक्शन के बाद पुरुषोत्तम की हालत और गंभीर हो गई।

अस्पतालों के चक्कर, फिर भी नहीं बची जान

हालत बिगड़ती देख परिजन पहले उन्हें बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने पुरुषोत्तम को मृत घोषित कर दिया।

घर में थी शादी की खुशियां

मृतक पुरुषोत्तम खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। दूसरे नंबर के बेटे धर्मवीर की बारात एक दिन पहले ही लौटी थी। घर में शादी का माहौल था, लेकिन पिता की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में आक्रोश

घटना के बाद गांव के लोगों में झोलाछाप के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिना डिग्री वाले डॉक्टर धड़ल्ले से इलाज कर रहे हैं और प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस