आंधी में गिरा इमलिया गांव का इकलौता ट्रांसफार्मर, अंधेरे में डूबा पूरा गांव
बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, इंसान ही नहीं पशु भी बेहाल
बदायूं। तेज आंधी और खराब मौसम ने गांव इमलिया की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा दी है। गांव का एकमात्र विद्युत ट्रांसफार्मर आंधी के दौरान गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ट्रांसफार्मर न बदलने से पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है और ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सिर्फ एक ही ट्रांसफार्मर होने के कारण उसके बंद होते ही पूरे गांव की बिजली सप्लाई ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। गांव में रातभर अंधेरा पसरा रहा, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
गांववासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इमलिया गांव का ट्रांसफार्मर अतिशीघ्र बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
रिपोर्ट कर्ता — हरीश, गौरव, योगेश पत्रकार, शेर सिंह एवं विजय सिंह।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

