2:23 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उमेश मीणा बने मैन ऑफ द मैच

करियामई की टीम ने सोहरा को 64 रन से किया पराजित

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम करियामई में चल रहे करियामई प्रीमियर लीग (केपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को करियामई और सोहरा की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में करियामई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोहरा को 64 रन से पराजित कर जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल से मैदान पर मौजूद दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा। मैच में करियामई टीम के कप्तान शिवांशु मिश्रा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए करियामई की टीम ने 12 ओवर में 88 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान शिवांशु मिश्रा ने 21 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं वीरेश मीणा ने 19 रन, उमेश मीणा ने 17 रन तथा सोनू मीणा ने 5 रन का योगदान दिया। सोहरा टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए मुकेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा स्वतंत्र मोहन और राहुल ने दो-दो विकेट लेकर बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 89 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोहरा की टीम करियामई के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 24 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से स्वतंत्र मोहन ने 12 रन, सचिन ने 5 रन और मुकेश ने 6 रन बनाए। करियामई की ओर से गेंदबाजी में सचिन ने घातक प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके। वहीं वीरेश मीणा ने दो और उमेश मीणा ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले उमेश मीणा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। टूर्नामेंट के आयोजकों एवं दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए शानदार खेल की सराहना की। इस मौके पर अमित पाराशरी, मुन्ना यादव, उदयवीर मीणा, प्रदीप यादव, नमन मिश्रा, अमित शर्मा, अक्षय उपाध्याय सहित सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस