2.5 लाख की लूट निकली पूरी साजिश!
जमीन की पेशगी के लिए रची गई फर्जी लूटकांड की कहानी, पुलिस की पूछताछ में खुला बड़ा राज
बदायूं। थाना दातागंज क्षेत्र में युवक से 2.5 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज सूचना ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरा मामला झूठा और सुनियोजित ड्रामा निकला। जमीन की पेशगी के लिए समय हासिल करने को दो युवकों ने मिलकर फर्जी लूटकांड की पटकथा तैयार कर डाली, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सके।
मामला 12 मई की रात करीब 8:23 बजे का है, जब धर्मेन्द्र पुत्र राकेश निवासी ग्राम सैंधी थाना भमोरा, जनपद बरेली ने यूपी-112 पर सूचना दी कि बाइक से ससुराल जाते समय तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया, खेत में घसीटकर 2.5 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शुरुआती कहानी में धर्मेन्द्र ने बताया कि वह ग्राम धनौरा निवासी अपने मौसेरे साले रजनीश को 2.5 लाख रुपये देने जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने हमला कर नकदी और मोबाइल लूट लिया। लेकिन थाना दातागंज पुलिस को कहानी में कई झोल नजर आए, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने गहन पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में जो सच सामने आया उसने सभी को चौंका दिया। धर्मेन्द्र और रजनीश ने कबूल किया कि उन्हें ग्राम धनौरा निवासी ओमवीर पुत्र बांके की 10 बीघा जमीन पेशगी पर लेने के लिए 4 लाख रुपये देने थे, लेकिन रुपये का इंतजाम नहीं हो पाया। इसी वजह से दोनों ने मिलकर फर्जी लूट की कहानी गढ़ी ताकि ओमवीर की सहानुभूति मिल जाए और भुगतान के लिए कुछ और समय मिल सके।
योजना के तहत उन्होंने भूरे पुत्र रामविलास यादव निवासी ग्राम धनौरा को मौके पर बुलाकर 1,25,000 रुपये दे दिए और फिर यूपी-112 पर लूट की झूठी सूचना दे डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भूरे के पास से 1.25 लाख रुपये भी बरामद कर लिए।
पुलिस जांच में खुली फर्जीवाड़े की परतें
दातागंज पुलिस की सतर्कता और सख्त पूछताछ के चलते झूठी लूटकांड की पूरी पटकथा कुछ ही घंटों में बेनकाब हो गई। पुलिस ने साफ कर दिया कि लूट की घटना पूरी तरह मनगढ़ंत थी और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से रची गई थी।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

