छात्र बने ‘माननीय सांसद’, उझानी के स्कूल में दिखा लोकतंत्र का जोश।
उझानी, बदायूं 13 मई।
गुरुजी का पीरियड कैंसिल और बच्चों की चांदी। उझानी के संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में बुधवार को बस्ते के साथ ‘बैलट’ भी चला। मौका था छात्र सांसद चुनाव का, और नजारा किसी असली इलेक्शन से कम नहीं।
——
वोट मांगने का देसी अंदाज
कक्षा 6 से 12 तक के ‘वोटर’ सुबह से ही लाइन में। इधर प्रत्याशी भी फुल फॉर्म में। किसी ने लंच टाइम में ग्राउंड साफ कराने का वादा ठोका, तो कोई ‘हर शनिवार फन-डे’ के पोस्टर चिपकाता मिला। भाषण ऐसे कि तालियों से क्लास गूंज जाए। मतपेटियों की रखवाली शिक्षकों ने की और चुनाव सांसद प्रमुख राम कुमार जी की देखरेख में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतपत्रों की गिनती कल की जाएगी। तब तक मतपेटियों को काॅलेज के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
——–
प्रिंसिपल बोले- ‘ये है असली प्रैक्टिकल’
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार पांडे बोले, “नोट्स रटने से लीडर नहीं बनते। लोकतंत्र को जीना पड़ता है। आज इन्होंने वोट की ताकत सीखी है, कल देश संभालेंगे।”
——–
चर्चा-ए-गलियारा-
रिजल्ट से पहले ही कॉरिडोर में एक ही सवाल, “यार, अपना वाला कैंडिडेट जीत तो रहा है ना?” छुट्टी के वक्त हार-जीत से ज्यादा चर्चा इसी बात की थी कि ‘अगली बार मैं खड़ा होऊंगा’।


—
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

