1:08 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: टायर फटने से पलटी बस, डीएम-एसएसपी ने घायलों का जाना हाल

बदायूँ। जनपद के थाना मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कानपुर से लुधियाना जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बस में कुल 107 यात्री सवार थे। हादसे में 24 वर्षीय अनुज पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम चूल्हा चुल्हा, थाना हदगाऊ, जनपद फतेहपुर की मौके पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना मूसाझाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।
हादसे में घायल यात्रियों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बदायूँ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चार यात्री उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, जबकि दो यात्रियों का इलाज अभी मेडिकल कॉलेज में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी बदायूँ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस