4:10 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में कोतवाली के सामने भिड़े दो सांड, छोले-कुलचे की ठेली बची, बाइक सवार ने भागकर बचाई जान

उझानी में कोतवाली के सामने भिड़े दो सांड,
छोले-कुलचे की ठेली बची, बाइक सवार ने भागकर बचाई जान।

उझानी, 04 मई ।

नगर में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है । सोमवार दोपहर रेलवे रोड स्थित कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर दो आवारा सांड अचानक आपस में भिड़ गए। सांडों की भयानक लड़ाई से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोतवाली गेट के पास खड़े दोनों सांड अचानक एक-दूसरे पर सींगों से हमला करने लगे। लड़ते-लड़ते दोनों सड़क के बीचोबीच आ गए। इसी दौरान वहां खड़ी छोले-कुलचे की ठेली चपेट में आने से बाल-बाल बची। ठेली वाला तुरंत ठेला छोड़कर किनारे भाग गया। वहीं पास से गुजर रहा एक बाइक सवार युवक सांडों को अपनी तरफ आता देख बाइक छोड़कर भागा और बड़ी मुश्किल से जान बचाई।

सांडों की लड़ाई करीब 15 मिनट तक चलती रही। इस दौरान रेलवे रोड पर जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीर और दुकानदार दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे। बाद में कुछ युवकों ने डंडे फटकार कर सांडों को अलग किया, तब जाकर यातायात सामान्य हुआ।


घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। रेलवे रोड के व्यापारी राकेश गुप्ता ने बताया कि कोतवाली के पास ही यह हाल है तो बाकी जगह का अंदाजा लगा लीजिए। हर हफ्ते कोई न कोई घटना होती है। सब्जी मंडी के दुकानदार संजय का कहना है कि आवारा सांड दुकानों में घुसकर सामान खराब कर देते हैं। कई बार महिलाएं और बच्चे चोटिल हो चुके हैं।

लोगों का आरोप है कि नगर पालिका आवारा पशुओं को पकड़ने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करती है। शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। शहर में 50 से ज्यादा आवारा सांड घूम रहे हैं । रात में सड़कों पर बैठे सांडों से वाहन टकराने की घटनाएं आम हैं।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि सभी सांडों को पकड़कर कान्हा गौशाला में भेजा जाए।


उझानी में आवारा पशुओं से हुए पिछले हादसे 15 अप्रैल मुख्य चौराहे पर सांड की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल सब्जी मंडी में सांड घुसने से 3 दुकानों का सामान खराब।
30 अप्रैल स्टेट बैंक के पास दो सांडों की लड़ाई में ई-रिक्शा पलटा दो लोगों के लगी चोट।

विज्ञापन एक्सप्रेस