उझानी में सट्टा रैकेट का पर्दाफाश: पुलिस रेड में युवक गिरफ्तार, सरगना ‘ओमेंद्र’ का नाम कबूला।
उझानी (बदायूँ)4 मई।
कोतवाली पुलिस ने गौशाला रोड पर सक्रिय सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। थाना उझानी पुलिस ने 1 मई की रात करीब 11:04 बजे मंदिर के पास छापा मारकर एक सट्टेबाज को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 16 सट्टा पर्चियां, एक डॉट पेन और 620 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कांस्टेबल हिमांशु सिरोही और कांस्टेबल अंकुश कसाना रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौशाला रोड स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति “एक लगाओ नंबर पाओ” की आवाज लगाकर खुलेआम सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज पुत्र योगेंद्र, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम अचौरा, थाना उझानी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके दाहिने हाथ से 100 रुपये, पैंट की जेब से 520 रुपये और कुल 16 सट्टा पर्चियां मिलीं। दो पर्चियों पर “71/20 FB” और “55/150 DB” अंकित था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी मनोज ने सट्टा रैकेट के नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि वह पंजाबी कॉलोनी, भदवार गर्ल्स कॉलेज के पास रहने वाले ओमेंद्र नाम के व्यक्ति के लिए काम करता है। मनोज का काम सट्टा पर्चियां इकट्ठा कर ओमेंद्र तक पहुंचाना है, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता है। आरोपी ने ओमेंद्र का मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है।
थाना उझानी पुलिस अब आरोपी के बताए गए सरगना ओमेंद्र की तलाश में जुट गई है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। आशंका है कि इलाके में बड़ा सट्टा नेटवर्क सक्रिय है।
फिलहाल आरोपी मनोज को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में लगी है।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

