1:39 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में रात के अंधेरे में चोरों का धावा, किसान की दो भैंसें चोरी

उझानी में रात के अंधेरे में चोरों का धावा, किसान की दो भैंसें चोरी।

हजरतगंज गांव में दहशत, पहले भी हो चुकी हैं पशु चोरी की वारदातें।

उझानी बदायूं, 3 मई ।


कोतवाली उझानी क्षेत्र के हजरतगंज गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने किसान के घर के बाहर बंधी दो भैंसों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित महिला गायत्री देवी ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

गायत्री देवी पत्नी विजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2/3 मई की रात लगभग 2 बजे उनके मकान के सामने 5 भैंसें बंधी हुई थीं। रात 1:15 बजे तक सभी भैंसें सुरक्षित थीं। लेकिन आंधी आने के बाद रात दो बजे जब वह देखने गईं तो 3 भैंसें ही मिलीं। एक काले रंग की और एक सुनहरे रंग की भैंस गायब थी।

पीड़िता के अनुसार उन्होंने आसपास काफी तलाश की, गांव वालों से पूछताछ की, लेकिन चोरी गई भैंसों का कोई पता नहीं चला। गायत्री देवी का कहना है कि गांव में पहले भी पशु चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और चोर आज तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

गायत्री देवी ने थाना प्रभारी से रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। ग्रामीणों में पशु चोरी की बढ़ती वारदातों से दहशत है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस