2:29 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

हसनपुर में शिक्षा के मंदिर तक पहुंचना बना चुनौती, कीचड़ में गुजर रहे बच्चे

– हसनपुर में सीसी मार्ग पर महीनों से जलभराव, बच्चों और राहगीरों की रोज परीक्षा

कुंवरगांव। क्षेत्र के हसनपुर गांव में व्यवस्था की लापरवाही का नजारा उस समय साफ दिखता है, जब उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने से गुजरते लोग गंदे पानी और कीचड़ के बीच रास्ता तलाशते नजर आते हैं। इमलिया गांव को जोड़ने वाला सीसी मार्ग पिछले कई महीनों से नाले के पानी में डूबा हुआ है, लेकिन जिम्मेदारों की नजर अब तक इस ओर नहीं पड़ी है।

स्थिति यह है कि जहां बच्चों को शिक्षा के मंदिर तक साफ रास्ता मिलना चाहिए, वहीं उन्हें रोजाना जलभराव से जूझना पड़ रहा है। गंदे पानी से उठती बदबू और फिसलन भरा रास्ता खतरे को दावत दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि लंबे समय से चली आ रही लापरवाही का परिणाम है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो नाले की सफाई कराई गई और न ही जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था की गई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि एक ओर सरकार स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं के दावे करती है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आती है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस