बदायूं

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बदायूं के निर्देशन में जिलेभर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत गठित मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता) आदि के बारे में विस्तार से बताया और उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया, जिसमें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया दुरुपयोग जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद लें। टीम ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को बेहद उपयोगी बताया। पुलिस के इस प्रयास से क्षेत्र में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता दोनों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

