भीषण गर्मी में खराब इण्डिया मार्का हैंडपंपों ने बढ़ाई मुश्किलें, जल जीवन मिशन की योजना भी फांक रही धूल।
रिपोर्ट अमित वर्मा
ब्लाक म्याऊं के ग्राम पंचायत बन बौसारी में पेयजल की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। गांव में लगे हैंडपंपों में से आधे से अधिक खराब पड़े हैं, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के चलते स्थिति और भी बदतर हो गई है, क्योंकि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बेहद सीमित हो गई है।ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पानी की कमी के कारण लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है और उन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।वहीं दूसरी ओर, जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का दावा भी अधूरा साबित हो रहा है। इस योजना की शुरुआत 22 मार्च 2023 को लगभग 223.49 लाख रुपये की लागत से हुई थी, लेकिन अप्रैल 2026 तक भी पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।गांव में बढ़ती जल समस्या से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत पाल ने कहा है कि सभी खराब हैंडपंपों को चिन्हित कर लिया गया है और उन्हें जल्द ही ठीक कराया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

