4:06 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बरात की आतिशबाजी से मची तबाही: पशुशाला में लगी आग, 5 मवेशी झुलसे

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बर्खिन में रविवार को शादी समारोह के दौरान बरात की आतिशबाजी एक किसान पर भारी पड़ गई। बरात चढ़त के दौरान छोड़ी गई चिंगारी से पशुशाला में भीषण आग लग गई, जिसमें बंधे पांच मवेशी झुलस गए और भारी नुकसान हो गया।

 

गांव निवासी राकेश पुत्र हरद्वारी के अनुसार, आग की चपेट में आकर उनकी दो भैंस, एक गाय, एक बछड़ा और एक बछिया झुलस गए। इसके अलावा पशुओं के चारे के लिए रखा करीब 40 कुंतल भूसा भी जलकर राख हो गया।

 

उन्होंने बताया कि पशुशाला में रखे करीब 12 कटे गेहूं के साइकिल, चारपाई सहित अन्य घरेलू सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि गांव निवासी भोजराज पुत्र मलखान की बेटी की बरात मेघरा मड़ैया (थाना दहंगवा क्षेत्र) से आई थी। बरात चढ़त के दौरान कुछ लोग लगातार आतिशबाजी कर रहे थे। मना करने के बावजूद आतिशबाजी नहीं रोकी गई, जिससे निकली चिंगारी पशुशाला तक पहुंच गई और आग लग गई।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और गांव के लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और पशुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस