कुंवरगांव (बदायूं)
आज दिन बुधवार को मिशन शक्ति फेज-5 ‘दीदी अभियान’ के अंतर्गत थाना कुंवरगांव क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में महिलाओं एवं बालिकाओं की एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और छात्राओं ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित महिला पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में उनके पालन के महत्व को विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं नशा मुक्ति भारत अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102/108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
इस मौके पर महिला हेड कांस्टेबल मीना देवी एवं महिला हेड कांस्टेबल नीलम सक्सेना ने उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं जागरूक बनाना रहा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

