4:14 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

खिली धूप से चेहरे पर रौनक, गेंहू की कटाई व गहाई में लगे किसान।

उझानी-बदांयू 12 अप्रैल।

जिले में दो दिनों हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम के बाद शनिवार को जैसे ही आसमान साफ हुआ और सुनहरी धूप खिली, किसानों के चेहरे पर रौनक लौट आई। बारिश के कारण खेतों में भीग चुकी फसलों को बचाने के लिए किसान युद्धस्तर पर जुट गए हैं। दो दिनों से खिली धूप ने खेतों में भीगी पड़ी गेहूं की फसल को सुखाने का अवसर दे दिया है। किसान सुबह से ही अपने खेतों में पहुंचकर कटे हुए गेहूं को सुखाने में व्यस्त हैं।

तेज हवाओं और बारिश ने गेहूं की खेती को काफी नुकसान पहुंचाया था। कई इलाकों में तैयार गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई थी। इससे दानों की चमक कम होने और सड़ने का खतरा पैदा हो गया था। सुबह से ही निकली तेज धूप किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रही।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसान सुबह से ही परिवार के साथ खेतों की ओर निकल पड़े। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल, जो पानी में डूब गई थी, उसे किसान फैलाकर सुखाते नजर आए। वही कुछ ट्रैक्टर की मदद से गहाई करते नजर आऐ।

किसानों का कहना है कि ऐसी ही धूप खिली रही तो फसल काफी हद तक बच जाएगी। खेत गीले होने के कारण गेहूं काटने पर फसल जड़ से ही उखड़ रही थी। बसौमा के मुन्ना यादव, भोले शंकर, महेश ने बताया कि जब तक खेतों की नमी पूरी तरह खत्म नहीं होगी कटाई सुचारू तरीके से शुरू नहीं हो सकती। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश ने फसल की गुणवत्ता पर भी असर डाला है। कटी पड़ी गेहूं की फसल के दाने की चमक कम पड़ने लगी थी, लेकिन अब धूप ने बचाव की संभावना बढ़ा दी है। खेतों में पड़े बोझों को अगर ठीक से सूखने का मौका मिल गया तो दाने के काला पड़ने की आशंका कम हो जाएगी।

किसान देवेन्द्र ने बताया कि बारिश ने निवाला छीनने की कोशिश की थी, लेकिन आज की धूप ने उम्मीद जगा दी है।

किसान महेश ने बताया कि बारिश की वजह से पहले की फसलों को बहुत नुकसान हो गया है। धूप निकलने पर जमीन की नमी खत्म होगी और फसल की कटाई करने में आसानी होगी। कहा कि मौसम ऐसा ही रहा तो जल्द कटाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बताया कि शनिवार सुबह से परिवार के साथ खेतों में भीगी फसलों को पलट रहे हैं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।


विज्ञापन एक्सप्रेस